- संतोष साह
उत्तराखंड वन पंचायत अध्यक्ष व राज्यमंत्री वीरेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा है कि देश की जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है। हालात ये हैं कि कांग्रेस स्टिंग के बाद बैलगाड़ी में उतर चुकी है। कांग्रेस केंद्र व राज्य सरकार के भले कामों को पचा नहीं पा रही है। यह बात उन्होंने मीडिया से बातचीत में कही।
श्री बिष्ट ने कहा कि कोरोना वैश्विक महामारी के दौरान भाजपा ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत व प्रदेश अध्यक्ष वंशीधर भगत के नेतृत्व में जरूरतमंदों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई,स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में ढाई लाख से अधिक प्रवासी पहुंच गए हैं जिनके रोजगार के लिये सरकार ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना शुरू कर दी है। जिसमे अब तक एक लाख लोगों ने पंजीकरण कर दिया है। उन्होंने कहा कि पंचायतों को मजबूत करने के लिये 33 करोड़ रुपये पंचायतों के खाते में डाल दिया गया है ताकि स्थानीय के साथ प्रवासियों को गांव में ही रोजगार मिल सके। इसके अलावा उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की कई महत्वपूर्ण योजनाओ का भी जिक्र किया। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा के लोकेंद्र बिष्ट समेत अन्य भाजपाई मौजूद थे।
इधर इससे पूर्व उत्तराखंड वन पंचायत अध्यक्ष ने वन अधिकारियों की भी बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि सरकार ने हरेला पर्व में 2 करोड़ पौध रोपण का लक्ष्य लिया है। उन्होंने कहा कि हरेला के तहत ऐसे पोधों का रोपण किया जाएगा जो 4 से 5 वर्ष में आर्थिकी के भी काम आए। उन्होंने वन अधिकारियों को निर्देश दिए कि हरेला पर्व में पौधों के रोपण के साथ उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाय।